कांशीराम को नमन कर बोले केशव प्रसाद मौर्य, वंचितों का विकास ही सच्ची श्रद्धांजलि
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को सामाजिक न्याय के अग्रदूत कांशीराम की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। 7 कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर केशव प्रसाद मौर्य ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कांशीराम के विचारों को समतामूलक समाज के निर्माण का आधार बताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने अपना संपूर्ण जीवन शोषितों, पीड़ितों और वंचित वर्गों के अधिकारों तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सम्मानजनक भागीदारी के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
पीएम मोदी के नेतृत्व में शोषितों को मिल रहा मुख्यधारा में स्थान
केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश के गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का मूल उद्देश्य हर पात्र परिवार को स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और स्वरोजगार की सुरक्षा देना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीबों को पक्के मकान, आयुष्मान भारत योजना से मुफ्त इलाज और अनुसूचित जाति के छात्रों को छात्रवृत्ति देकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास व रोजगार से जोड़ा जा रहा है, जबकि पीएम-सूरज पोर्टल वंचित वर्ग के लोगों को ऋण और आजीविका के नए साधन उपलब्ध करा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ काम कर रही है। समाज में समरसता, समान अवसर और समावेशी विकास को मजबूत करना ही मान्यवर कांशीराम जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

