केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- अब गुंडों के दम पर नहीं चलेगी राजनीति
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एसआईआर (SIR) और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाने वाले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर करारा पलटवार किया है। डिप्टी सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि विपक्ष की लगातार हार ने सपा प्रमुख को बेचैन कर दिया है।
अखिलेश यादव द्वारा वोटर लिस्ट रिवीजन और एसआईआर को लेकर किए गए ‘X’ पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव में विपक्ष का जो हश्र हुआ है, उसे देखकर अखिलेश यादव अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। यही वजह है कि वे फिजूल के मुद्दों को तूल दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब बूथ लूटने या गुंडों के दम पर चुनाव जीतने का दौर खत्म हो चुका है। अगर सपा के पास कार्यकर्ता हैं तो बूथ पर काम करें, वरना चुनाव के बाद सैफई जाने के लिए बोरिया-बिस्तर बांध लें।
अखिलेश यादव द्वारा भर्ती प्रक्रिया पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में आरक्षण के नियमों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में ओबीसी आरक्षण के नाम पर केवल एक विशेष जाति को लाभ पहुँचाया जाता था। मौर्य ने कहा, हमारी सरकार में पिछड़ों को उनका पूरा 27% हक मिलेगा। यदि कोई इसमें कटौती करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। मैंने अधिकारियों को पहले ही निर्देश दे दिए हैं।
प्रदेश में चर्चा का विषय बने कोडीन कफ सिरप (नशीली दवा) मामले पर डिप्टी सीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि एसआईटी (SIT), पुलिस और ईडी (ED) मिलकर इस स्कैम की जांच कर रहे हैं। सिरप के नाम पर नशा बेचने वालों के साथ अखिलेश यादव की वायरल फोटो पर मौर्य ने कहा कि अखिलेश जी को जनता को जवाब देना चाहिए कि उनके साथ ऐसे अपराधियों के क्या संबंध हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने अंत में कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास चाहती है और विपक्ष के भ्रम में आने वाली नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाएं।
Also Read: ‘कोडीन सिरप मामले में सरकार छिपा रही है अहम तथ्य’, अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

