केशव मौर्य का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- पीएम की कुर्सी न मिलने की हताशा में देश को बदनाम करने की कर रहे कोशिश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेशी धरती पर दिए बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है। राहुल गांधी द्वारा भारत की चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए जाने को उन्होंने ‘विचलित मानसिक अवस्था’ का परिणाम बताया।

राहुल की बुद्धि अलगाववादी नेताओं जैसी

मीडिया से बात करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी अपनी हताशा में भारत की छवि खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा, इस जन्म में प्रधानमंत्री की कुर्सी नहीं मिलने की निराशा राहुल गांधी के बयानों में साफ झलकती है। उनकी बुद्धि अब देशविरोधी और अलगाववादी नेताओं जैसी हो गई है। डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी से अपने बयानों के लिए देश से तुरंत माफी मांगने की मांग की।

डिप्टी सीएम ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें विदेशी धरती पर विलाप करने के बजाय बूथ स्तर पर और चुनावों में मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा की मेहनत के आगे सपा, कांग्रेस और टीएमसी टिक नहीं पाएंगे। साल 2047 तक देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी। जिन राज्यों में अभी भाजपा की सरकार नहीं है, वहां भी जल्द ही ‘कमल’ खिलेगा।

मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं अखिलेश

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए मौर्य ने कहा कि उपचुनावों के बाद से वे अपना संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ देख रहे हैं और उनकी बौखलाहट पोस्टरों के जरिए बाहर आ रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि गुंडे-माफियाओं के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

राजनीति राहुल के लिए महज टाइमपास

केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया (X) पर भी राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस जैसी बाहरी शक्तियों की ‘मानसिक गुलामी’ कर रहे हैं। मौर्य ने कहा, आज के इन बनावटी गांधी के लिए राजनीति सिर्फ एक टाइमपास मनोरंजन है, जबकि भाजपा राष्ट्र निर्माण के मिशन में लगी है। उन्हें विकसित भारत के संकल्प में मोदी सरकार का समर्थन करना चाहिए।

Also Read: यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तारीखों का ऐलान, जानें कब होगा एग्जाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.