CM चेहरे पर केशव मौर्य की सफाई- ‘योगी जी और मेरे बीच कोई दीवार नहीं’

UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपना रुख साफ किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने का अधिकार संगठन के नेतृत्व का है। केशव मौर्य ने कहा, “हमारे और योगी जी के बीच में कोई दीवार नहीं है। लोगों ने कोशिश की दीवार खड़ी करने की, लेकिन हम मिलकर काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। साथ ही कहा कि जब तक कोई नया फैसला नहीं होता, तब तक जो चेहरा था और जो है, वही रहेगा। उन्हीं के नेतृत्व में 2027 का चुनाव लड़ा जाएगा।

चुनावी सीट को लेकर भी दिया जवाब

केशव मौर्य ने कहा कि वह 2027 में चुनाव जरूर लड़ेंगे। पार्टी संगठन जहां से कहेगा, वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे। अपनी सीट को लेकर उन्होंने कहा, “अभी तो मैं अपने को 403 सीटों का प्रत्याशी मानता हूं।”

डिप्टी सीएम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश का सत्ता में आना उत्तर प्रदेश में तबाही को न्योता देना होगा।

पहले सीएम बनने की इच्छा जताई थी

इससे पहले एक इंटरव्यू में केशव मौर्य ने स्वीकार किया था कि उनके मन में मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा है। हालांकि उन्होंने कहा था कि सिर्फ उनके चाहने से फैसला नहीं होगा। मुख्यमंत्री का निर्णय पार्टी नेतृत्व और विधायक दल करता है।

प्रयागराज में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने 2027 के लिए बूथ स्तर पर तैयारी तेज करने को कहा। उन्होंने 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा शुरू होने की जानकारी भी दी। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शुरू होगा।

Also Read: Pratapgarh News: डीएम ने सराय बहेलिया घटनास्थल पर पहुंचकर जाना पीड़ितों का हाल, लापरवाही करने वाले लेखपाल को किया निलंबित 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.