एयर एम्बुलेंस में तकनीकी खराबी के चलते खालिदा जिया की लंदन रवानगी टली, स्वास्थ्य में आई और गिरावट

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष खालिदा जिया को बेहतर इलाज के लिए लंदन ले जाने की योजना में देरी हुई है। उनकी मेडिकल फ्लाइट को टाल दिया गया है, क्योंकि उनके स्वास्थ्य में मामूली गिरावट आई है।

बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम ने शुक्रवार को स्थानीय मीडिया को बताया कि कतर के अमीर द्वारा उपलब्ध कराई गई विशेष एयर एम्बुलेंस तकनीकी समस्याओं के कारण शुक्रवार को ढाका नहीं पहुंच पाई। अब उम्मीद है कि वह शनिवार को ढाका पहुंच सकती है।

फखरुल इस्लाम ने जानकारी दी कि गुरुवार रात खालिदा जिया की हालत थोड़ी बिगड़ गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके ब्रिटेन जाने का अंतिम निर्णय पूरी तरह से यात्रा के दिन उनके स्वास्थ्य पर निर्भर करेगा। बीएनपी महासचिव ने कहा, उनका हेल्थ चेकअप किया जाना है, जिसके बाद डॉक्टर तय करेंगे कि वह यात्रा के लिए फिट हैं या नहीं। अगर मैडम यात्रा के लिए फिट हैं और मेडिकल बोर्ड उन्हें मंजूरी देता है, तो वह रविवार (7 दिसंबर) को उड़ान भरेंगी।

गहन निगरानी में हैं खालिदा जिया

इससे पहले, खालिदा जिया के निजी चिकित्सक डॉ. एजेडएम जाहिद हुसैन ने बताया था कि स्थानीय और विदेशी विशेषज्ञों वाले मेडिकल बोर्ड ने सर्वसम्मति से उन्हें लंदन ले जाने पर सहमति व्यक्त की है। उन्हें कतर रॉयल एयर एम्बुलेंस से लंदन ले जाया जाएगा। 80 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री हृदय संबंधी समस्याओं, मधुमेह, गठिया, लिवर सिरोसिस और गुर्दे की समस्याओं सहित कई पुरानी बीमारियों से जूझ रही हैं। उन्हें ढाका स्थित एवरकेयर अस्पताल के कोरोनरी केयर यूनिट (सीसीयू) में गहन निगरानी में रखा गया है।

Also Read: परिनिर्वाण दिवस आज: CM योगी देंगे श्रद्धांजलि, मायावती की नोएडा रैली रद्द; सपा ने अनुमति न मिलने पर जताया विरोध

Get real time updates directly on you device, subscribe now.