कनाडा में फिर सक्रिय खालिस्तानी संगठन, भारतीय राजनयिकों को बनाया निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: कनाडा में खालिस्तानी गतिविधियाँ एक बार फिर तेज होती दिख रही हैं। प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) ने वैंकूवर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर कब्जा करने की धमकी दी है। संगठन ने भारतीय नागरिकों को भी चेतावनी दी है कि वे दूतावास के आसपास न जाएं। फिलहाल, इस मामले पर न तो भारत सरकार और न ही कनाडाई प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
SFJ की धमकी और पोस्टर वार
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, SFJ ने घोषणा की है कि वह 18 सितंबर को भारतीय मिशन को घेरने और कब्जा करने की कोशिश करेगा। संगठन का आरोप है कि भारतीय एजेंसियां उसके खालिस्तान जनमत संग्रह अभियान से जुड़े लोगों की निगरानी कर रही हैं।
SFJ ने एक पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें भारत के नए उच्चायुक्त दिनेश पटनायक की तस्वीर पर गन टारगेट का निशान बनाया गया है।
निज्जर कांड का जिक्र
अपने बयान में SFJ ने कहा कि 18 सितंबर 2023 को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संसद में दावा किया था कि खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की भूमिका की जांच की जा रही है। SFJ का मानना है कि भारतीय मिशन अब भी उनके समर्थकों पर निगरानी कर रहा है।
कनाडा रिपोर्ट में हुआ था खुलासा
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में कनाडा सरकार की एक आंतरिक रिपोर्ट में स्वीकार किया गया था कि देश में खालिस्तानी आतंकवादी संगठनों की मौजूदगी बनी हुई है। इसमें भारत-विरोधी आतंकवाद को मिल रही फंडिंग और समर्थन का भी उल्लेख किया गया। रिपोर्ट में बब्बर खालसा इंटरनेशनल और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन (ISYF) जैसे संगठनों का नाम शामिल है, जिन्हें कनाडा में आधिकारिक रूप से आतंकी संगठन घोषित किया गया है।
Also Read: यूपी में सड़क मरम्मत पर फोकस, मुख्यमंत्री ने सभी 75 जिलों के अफसरों को दिया अल्टीमेटम

