Siddharthnagar News: खुनियांव के बीईओ महेंद्र कुमार की पदोन्नति, बीएसए स्तर के पद पर मिली जिम्मेदारी
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के शिक्षा जगत के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण और बड़ी खबर सामने आई है। जनपद के खुनियांव विकास क्षेत्र में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार का प्रमोशन उत्तर प्रदेश शैक्षिक (सामान्य शिक्षा संवर्ग) सेवा समूह-ख उच्चतर के पद पर हो गया है। लोक सेवा आयोग में आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति की महत्वपूर्ण बैठक में उनके नाम और पदोन्नति को अंतिम मंजूरी दे दी गई है। अब वे बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अथवा इसके समकक्ष उच्च पदों पर अपनी सेवाएं देंगे।
इन उच्च पदों पर होगी नवनियुक्त अधिकारियों की तैनाती
समूह-ख में प्रोन्नत हुए इन अधिकारियों को शिक्षा विभाग के कई महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी वाले पदों पर नियुक्त किया जाएगा, जिनमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) के प्रधानाचार्य, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के उप सचिव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक (सह डीआईओएस), जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में वरिष्ठ प्रवक्ता प्रमुख हैं।
पुराना विवाद सुलझा, रुकी हुई प्रक्रिया हुई बहाल
इस पदोन्नति का महत्व इसलिए और बढ़ जाता है क्योंकि इसके पीछे एक लंबा कानूनी और प्रशासनिक संघर्ष रहा है। विभागीय जानकारों के मुताबिक, निरीक्षण शाखा के खंड शिक्षा अधिकारियों को शिक्षण शाखा के पदों पर पदोन्नति देने को लेकर पिछले कई वर्षों से गहरा विवाद चल रहा था। इसी गतिरोध के चलते वर्ष 2008 के बाद से यानी पिछले करीब 18 वर्षों से समूह-ख के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी हुई थी। अब इतने लंबे अंतराल के बाद पदोन्नति का रास्ता साफ होने से प्रदेशभर के खंड शिक्षा अधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
महेंद्र कुमार की इस बड़ी और ऐतिहासिक सफलता पर जनपद के शिक्षा विभाग से जुड़े तमाम अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्हें बधाई देने वालों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, बीईओ धर्मेंद्र पाल, अशोक कुमार सिंह, महेंद्र प्रसाद, जिला समन्वयक सुरेंद्र श्रीवास्तव, धर्मप्रकाश श्रीवास्तव, अमित शुक्ला, आशीष मिश्र, आशीष सिंह, करुणापति त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, रूपेश सिंह, रवि गुप्ता, मुकुल मिश्रा और मिथिलेश सिंह समेत कई अन्य शिक्षक और विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: DM बरेली ने आवास के बाहर लगवाया वाटर कूलर, फीता काटकर किया उद्घाटन

