स्पीकर के चैंबर में घुसे 25 सांसद, किया अभद्र व्यवहार, किरेन रिजिजू का कांग्रेस पर बड़ा आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के बजट सत्र के दौरान जारी खींचतान अब सदन के बाहर यानी स्पीकर के चैंबर तक पहुँच गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। रिजिजू का दावा है कि करीब 20 से 25 कांग्रेस सांसद जबरन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में घुस गए और उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया।

किरेन रिजिजू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब यह घटना हुई, वह खुद वहां मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसदों ने न केवल हंगामा किया, बल्कि स्पीकर के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया। रिजिजू के अनुसार, इस घटना के समय प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल जैसे वरिष्ठ नेता भी वहां मौजूद थे, लेकिन स्थिति को संभालने के बजाय इसे और उकसाया गया।

मर्यादा और नियमों पर छिड़ी बहस

संसदीय कार्य मंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, सदन की कार्यवाही नियमों से चलती है। बिना अनुमति के बोलना या चेयर का अपमान करना लोकतंत्र के खिलाफ है। चाहे प्रधानमंत्री हों या नेता प्रतिपक्ष, अनुशासन सबको मानना होगा। रिजिजू ने तंज कसते हुए कहा कि संसद कोई ऐसी जगह नहीं है जहाँ “बच्चों की तरह” व्यवहार किया जाए। राष्ट्रीय सुरक्षा और देश के मुद्दों को राजनीतिक हथियार नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से अपील की कि वे अपने सांसदों को संसदीय गरिमा और शिष्टाचार का पाठ पढ़ाएं।

Also Read: संवेदनशील तारीखों से पहले Kashmir Valley में बढ़ा आतंकी खतरा, 11 से 14 फरवरी तक हाई अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.