कोलकाता: कालीघाट मंदिर पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त को दिखाए गए काले झंडे, ‘वापस जाओ’ के नारों से गूंजा परिसर
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी पारा चढ़ने लगा है। चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने कोलकाता पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सोमवार सुबह उस वक्त विरोध का सामना करना पड़ा, जब वे दक्षिण कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे।
मंदिर के बाहर भारी विरोध और नारेबाजी
जैसे ही मुख्य चुनाव आयुक्त का काफिला कालीघाट मंदिर पहुंचा, वहां मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे लहराने शुरू कर दिए और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए। रविवार रात एयरपोर्ट पर उतरते ही टीएमसी और वामपंथी कार्यकर्ताओं ने भी उनके खिलाफ प्रदर्शन किया था। हालांकि, मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को तुरंत संभाला, जिसके बाद ज्ञानेश कुमार ने मंदिर में पूजा-अर्चना की।
विरोध के बीच चुनाव आयोग की टीम अपने मिशन में जुटी है। ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी भी कोलकाता में हैं।
आज की बड़ी बैठकें
सोमवार को आयोग की टीम राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक करेगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर उनके सुझाव और आपत्तियां सुनी जा सकें। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर मंथन होगा, जिसमें केंद्रीय सुरक्षा बलों (CAPF) की तैनाती पर भी चर्चा संभव है।
कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में होगी बड़ी घोषणा?
दौरे के आखिरी दिन यानी मंगलवार को चुनाव आयोग की टीम मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और सुरक्षा एजेंसियों के साथ अंतिम दौर की बैठक करेगी। शहर छोड़ने से पहले आयोग एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेगा, जिसमें बंगाल चुनाव की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर बड़ी जानकारी साझा की जा सकती है।
Also Read: राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा का ‘मिशन-3’: बिहार, ओडिशा और हरियाणा के लिए पर्यवेक्षक तैनात

