टॉलीगंज की हाई-राइज बिल्डिंग में लगी भीषण आग, बच्चों के साथ जान बचाकर नीचे भागे यश और नुसरत
Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण कोलकाता के पॉश इलाके टॉलीगंज की डायमंड सिटी रेजिडेंस सोसाइटी के टावर 2 में रविवार दोपहर को आग लगने से हड़कंप मच गया। यह वही सोसाइटी है जहां बंगाली सिनेमा के मशहूर कपल यश दासगुप्ता और नुसरत जहां, टीएमसी विधायक सायंतिका बनर्जी और निर्देशक शुभ्राजीत मित्रा जैसे कई बड़े सितारों के आशियाने हैं।
आग लगने की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। बिल्डिंग की 18वीं मंजिल पर रहने वाले डायरेक्टर शुभ्राजीत मित्रा ने बताया, सुना है कि पांचवीं मंजिल के एक फ्लैट में शिवरात्रि की पूजा हो रही थी। घर के लोग दीया जलता छोड़कर नीचे चले गए थे। शायद उसी दीये की लौ से घर में आग फैल गई। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जता रही है।
जैसे ही पांचवीं मंजिल से काला धुआं निकलना शुरू हुआ, पूरी बिल्डिंग में दहशत फैल गई। आग लगने की खबर मिलते ही यश दासगुप्ता और नुसरत जहां अपने दोनों बच्चों को लेकर तुरंत सीढ़ियों से नीचे भाग आए। नुसरत और यश का फ्लैट आग वाले फ्लोर के ऊपर है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से वे तुरंत बिल्डिंग से बाहर निकल गए।
विधायक सायंतिका बनर्जी ने इस बारे में कहा कि उन्हें आग की खबर मिली, लेकिन गनीमत रही कि वह उस वक्त वहां मौजूद नहीं थीं। वहीं डायरेक्टर शुभ्राजीत मित्रा को अपनी बीमार मां को 18वीं मंजिल से नीचे लाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि सुरक्षा कारणों से लिफ्ट बंद कर दी गई थी।
दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है, लेकिन फ्लैट में रखा सामान जलकर खाक हो गया है। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह पूरी मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग में फैल सकती थी।

