RPSC सदस्य के पद से कुमार विश्वास की पत्नी का इस्तीफा, हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद लिया फैसला

Sandesh Wahak Digital Desk: कवि कुमार विश्वास की पत्नी डॉ. मंजू शर्मा ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह फैसला राजस्थान हाईकोर्ट की कड़ी टिप्पणी के बाद लिया है। मंजू शर्मा ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वह अपनी मर्जी से यह पद छोड़ रही हैं। उनका कार्यकाल 14 अक्टूबर, 2026 तक था।

यह पूरा मामला सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा से जुड़ा है, जिसे राजस्थान हाईकोर्ट ने पिछले हफ्ते रद्द कर दिया था। कोर्ट ने इस मामले में तत्कालीन अध्यक्ष और सदस्यों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए थे। हाईकोर्ट ने पब्लिक सर्विस कमीशन की कार्यप्रणाली पर खुद संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका के तौर पर सुनवाई करने का भी फैसला किया था। यह पूरी भर्ती प्रक्रिया डॉ. मंजू शर्मा के कार्यकाल में ही हुई थी।

पेपर लीक और जांच का डर

आयोग के दो सदस्य पेपर लीक के आरोप में पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद अब तत्कालीन अध्यक्ष और सदस्यों के खिलाफ भी जांच शुरू होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इन सभी पर शिकंजा कसना तय है।

मंजू शर्मा ने अपने इस्तीफे में लिखा मैंने हमेशा ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम किया है, लेकिन हाल ही में एक भर्ती प्रक्रिया में हुए विवाद के कारण मेरी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और आयोग की गरिमा प्रभावित हुई है। हालांकि, मेरे खिलाफ किसी भी जांच एजेंसी में कोई मामला लंबित नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक जीवन में शुचिता (पवित्रता) की पक्षधर होने के नाते और आयोग की गरिमा को सर्वोपरि मानते हुए, वह स्वेच्छा से यह पद छोड़ रही हैं।

Also Read: लखनऊ में UPSSSC PET परीक्षा की तैयारी पूरी, 1.26 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी देंगे एग्जाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.