‘फालतू है कुंभ…रेल मंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिए’, दिल्ली हादसे पर भड़के लालू प्रसाद का विवादित बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना को लेकर दुख व्यक्त किया और इस हादसे को लेकर रेलवे की कड़ी आलोचना की। साथ ही उन्होंने कुंभ मेला पर विवादित बयान दिया, जिसे लेकर हंगामा हो सकता है।
लालू प्रसाद ने घटना पर दुख जताते हुए कहा यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। वहीं, उन्होंने इस हादसे के लिए पूरी तरह से रेलवे को जिम्मेदार ठहराया और कहा यह रेलवे का कुप्रबंधन है, जिसके कारण इतनी बड़ी घटना घटी और कई लोगों की जान चली गई। रेल मंत्री को इस पर जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
वहीं, कुंभ मेला को लेकर उन्होंने कहा “कुंभ का क्या मतलब है? फालतू है कुंभ।” उनका यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
भगदड़ में हुई 18 लोगों की मौत
गौरतलब है कि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 14 महिलाएं शामिल थीं, और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना के समय प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेन पर सवार होने के लिए भारी भीड़ जुटी थी, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
दिल्ली पुलिस उपायुक्त (रेलवे) ने बताया कि जब प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म संख्या 14 पर खड़ी थी, तब पहले से ही वहां भीड़ थी। इसके अलावा, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस की देरी के कारण इन ट्रेनों के यात्री भी प्लेटफार्मों पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा हर घंटे 1,500 सामान्य टिकट बेचे जा रहे थे, जिससे स्टेशन पर भीड़ और बढ़ गई। यही स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।यह घटना रात करीब 9:55 बजे हुई थी और तुरंत बाद प्राधिकरण ने स्थिति पर काबू पाने के लिए कार्रवाई की।
Also Read: 18 मौतों का जिम्मेदार कौन? दिल्ली भगदड़ हादसे पर कांग्रेस ने खड़े किए सवाल

