कुशीनगर: हाटा विधायक की पहल पर सुकरौली के ‘चौधराईन पोखरे’ के सौंदर्यीकरण के लिए ₹40 लाख स्वीकृत

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले के सुकरौली नगर पंचायत के लोगों के लिए अच्छी खबर है। हाटा विधायक मोहन वर्मा के प्रस्ताव पर, उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने सुकरौली के चौधराईन पोखरे के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹40 लाख की राशि स्वीकृत कर दी है। इस घोषणा से स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है।

आस्था और सुविधा का केंद्र

हाटा विधायक मोहन वर्मा ने बताया कि चौधराईन पोखरा, जो वार्ड नंबर 9 (सुभाष चंद्र बोस नगर) में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित है, सुकरौली नगर पंचायत और आसपास के गांवों के लिए आस्था का केंद्र है।

प्रत्येक वर्ष छठ पर्व के दौरान यहाँ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से इस पोखरे के सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी। स्वीकृत धनराशि से इस पोखरे के छठ घाट, लाइटिंग और पार्क समेत अन्य सुविधाओं का कायाकल्प किया जाएगा। विधायक ने आश्वासन दिया कि सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा, जिससे छठ व्रती महिलाओं और अन्य लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

शासन से स्वीकृति मिलने पर सुकरौली नगर पंचायत के मंडल अध्यक्ष ज्ञान विक्रम सिंह, राजेश गुप्ता, वरुण जायसवाल, और अन्य स्थानीय भाजपा नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक मोहन वर्मा की इस पहल की सराहना की है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: कुशीनगर: पत्नी पर प्रेमी संग मिलकर देवर पर जानलेवा हमला कराने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.