कुशीनगर: भव्य परेड के साथ मनेगा 77वां गणतंत्र दिवस, डीएम ने तय की कार्यक्रमों की रूपरेखा

Sandesh Wahak Digital Desk: इस साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का पर्व कुशीनगर में बेहद खास और गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक अहम बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इस बार खास बात यह होगी कि सुबह की शुरुआत जिले भर के धार्मिक स्थलों पर एकता और अखंडता की प्रार्थना के साथ होगी।

गणतंत्र दिवस का पूरा शेड्यूल

  • सुबह 6:00 बजे: जिले के सभी मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और चर्चों में देश की एकता और भाईचारे के लिए प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी।
  • सुबह 7:00 बजे: शहर से लेकर गांवों तक स्कूली बच्चे ‘प्रभात फेरी’ निकालेंगे, जिससे पूरा जिला देशभक्ति के रंग में रंगेगा।
  • सुबह 8:30 बजे: सभी सरकारी इमारतों पर तिरंगा फहराया जाएगा और पर्यावरण के प्रति संदेश देते हुए पौधरोपण (वृक्षारोपण) किया जाएगा।
  • सुबह 9:30 बजे: पुलिस लाइन रविंद्र नगर धूस में भव्य परेड आयोजित होगी। इसमें पुलिस के जवान, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड और होमगार्ड अपनी ताकत और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे।

सम्मान और सामाजिक कार्य

गणतंत्र दिवस के इस पावन मौके पर हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया जाएगा। अस्पतालों और कुष्ठ आश्रमों में मरीजों के बीच फल वितरण का नेक काम भी होगा।

डीएम की अपील: सजाएं अपना घर और दुकान

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रम समय पर और आपसी तालमेल के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने जिले के लोगों से भी भावुक अपील करते हुए कहा “यह हमारा राष्ट्रीय पर्व है। सभी जनपदवासी अपने घरों और दुकानों पर तिरंगा लगाएं और रोशनी करें, ताकि पूरे कुशीनगर में उत्सव जैसा माहौल नजर आए।” प्रमुख चौराहों और पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई और तिरंगा लाइटों की सजावट भी सुनिश्चित की जा रही है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: सीतापुर: नन्हें ‘स्काउट-गाइड’ ने सीखी अनुशासन की एबीसी, तीन दिवसीय शिविर का शानदार आगाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.