कुशीनगर: तमकुही के रजवटिया गांव में 72.5 एकड़ में विकसित होगा बहुउद्देशीय प्रोजेक्ट

डीएम ने योजना को अमली जामा पहनाने के लिए किया स्थलीय निरीक्षण

पडरौना, कुशीनगर। जनपद के तमकुहीराज तहसील अंतर्गत बिहार सीमा से सटे रजवटिया गांव में प्रस्तावित अत्याधुनिक मल्टीमॉडल (बहुउद्देशीय) हब के निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। यह ह परियोजना जनपद के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 72.5 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस मल्टीमॉडल हब के अंतर्गत अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना प्रस्तावित है, जिसके लिए मिट्टी भराई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर शासन को प्रेषित की जाए।

सीमावर्ती क्षेत्र में आकार लेगा अत्याधुनिक मल्टीमॉडल हब

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि अधिग्रहीत भूमि का समुचित सीमांकन कराते हुए बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाए। साथ ही बाउंड्रीवाल के अंतर्गत प्रस्तावित मुख्य प्रवेश द्वार (गेट) को इस प्रकार डिजाइन किए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे जनपद कुशीनगर की सांस्कृतिक पहचान और विरासत परिलक्षित हो।

बताया गया कि उक्त परियोजना के विकास हेतु भूमि को आवास विकास परिषद को हैंडओवर कर दिया गया है। अधिग्रहीत भूमि क्षेत्र में स्थित पाँच छोटे तालाबों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उन्हें एकीकृत कर सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे पर्यावरणीय संतुलन के साथ क्षेत्र का सौंदर्य भी बढ़ाया जा सके।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि पूर्व में शासन को 5 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित ड्राइंग भेजी गई थी, जिसे शासन के निर्देशानुसार अब 9 एकड़ क्षेत्रफल में संशोधित किए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक अग्रेतर कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, उप जिलाधिकारी तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी  मुकेश, प्रिंस सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: केन्द्रीय बजट में पर्यटन पर किये गए फोकस से कुशीनगर पर्यटन स्थल को मिलेगा बढावा: कुंवर आरपीएन सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.