कुशीनगर: सुकरौली में हाईवे पर खड़ी टेम्पो को पिकअप ने मारी टक्कर, 4 यात्री गंभीर रूप से घायल
हाटा (कुशीनगर): जनपद के हाटा कोतवाली अंतर्गत सुकरौली कस्बे में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे (फोरलेन) पर सवारी उतार रही एक टेम्पो को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में टेम्पो पलट गई और उस पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद AIIMS गोरखपुर रेफर किया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
हाटा कोतवाली के करमहा उग्रसेन निवासी आशा कार्यकत्री रीता देवी (35), सलीम (25), रुखसाना और ध्रुव (40) हाटा से टेम्पो में सवार होकर सुकरौली पहुंचे थे। जैसे ही सुकरौली कस्बे के पास हाईवे पर टेम्पो सवारियां उतारने के लिए रुकी, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उसे ठोकर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पलट गई और पास खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सीएचसी सुकरौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज (AIIMS) भेज दिया।
प्रशासन की लापरवाही: खूनी स्टैंड बना ‘फोरलेन’
सुकरौली का यह ब्लैक स्पॉट दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है। आपको बता दें कि दिसंबर 2012 में भी इसी स्थान पर खड़ी टेम्पो को ट्रक ने टक्कर मारी थी, जिसमें 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। स्टैंड की उचित जगह न होने के कारण टेम्पो चालक मजबूरी में फोरलेन की सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारी भरते हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। इतनी बड़ी मौतों के बाद भी प्रशासन ने हाईवे पर अवैध पार्किंग को रोकने या टेम्पो के लिए अलग स्टैंड की व्यवस्था करने की सुध नहीं ली।

