कुशीनगर में आधार अपडेट की मुहिम: 10 साल पुराने आधार कार्ड का होगा नवीनीकरण; हर ब्लॉक में खुलेंगे केंद्र

पडरौना (कुशीनगर): अगर आपका आधार कार्ड 10 साल पुराना हो चुका है, तो अब उसे अपडेट कराना अनिवार्य होगा। कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) वंदिता श्रीवास्तव ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी विकास खंडों (ब्लॉकों) में आधार नवीनीकरण केंद्र खोले जाएं। उन्होंने आगाह किया है कि समय पर अपडेट न कराने पर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है।

स्कूलों में बनेंगे बच्चों के आधार कार्ड

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि जिले में 0 से 5 वर्ष के बच्चों का आधार नामांकन मात्र 12 प्रतिशत ही है। यह आंकड़ा काफी चिंताजनक है। इसे देखते हुए सीडीओ ने सख्त निर्देश दिए हैं।

बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) स्कूलों में मशीनें लगाकर कैंप लगाएंगे ताकि कोई भी बच्चा आधार की वजह से स्कूल में एडमिशन से वंचित न रहे। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक को निर्देश दिया गया है कि वे स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर छोटे बच्चों के आधार बनवाना सुनिश्चित करें।

10 साल पुराने आधार के लिए अपडेट जरूरी

जिन लोगों ने पिछले 10 वर्षों से अपना आधार अपडेट नहीं किया है, उन्हें अपना आईडी प्रूफ (पहचान पत्र) और पते का प्रमाण लेकर आधार केंद्रों पर जाना होगा। प्रत्येक विकास खंड में सीएससी (CSC) के माध्यम से आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे। केंद्रों पर बैनर लगाए जाएंगे ताकि लोग आसानी से अपना मोबाइल नंबर और पता अपडेट करा सकें।

बायोमेट्रिक अपडेट भी है जरूरी

बैठक में बताया गया कि जिले में लगभग 1.83 लाख बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MVU) अभी भी बकाया है। इसके लिए ‘श्रीटान इंडिया लिमिटेड’ और शिक्षा विभाग को जिम्मेदारी दी गई है कि वे स्कूलों में कैंप लगाकर इस काम को जल्द से जल्द पूरा करें।

दिसंबर 2025 के आंकड़ों के अनुसार, जिले में 5564 नए नामांकन और 48,593 आधार अपडेट किए जा चुके हैं, लेकिन प्रशासन अब इस रफ्तार को और तेज करने की तैयारी में है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: Lohri Celebration: लखनऊ की गलियों में गूंजे ‘दुल्ला भट्टी’ के गीत, नई फसल और खुशहाली का जश्न

Get real time updates directly on you device, subscribe now.