कुशीनगर: उद्यमियों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, एडीएम ने कहा- निवेश में देरी बर्दाश्त नहीं
पडरौना (कुशीनगर): जनपद में व्यापार को बढ़ावा देने और उद्यमियों की राह आसान करने के लिए ‘जिला उद्योग बन्धु’ और ‘व्यापार बन्धु’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कागजी कार्रवाई से ज्यादा जमीन पर काम करने पर जोर दिया गया।
सड़क और बिजली की बाधाएं होंगी दूर
बैठक में कई उद्यमियों ने अपनी फैक्ट्रियों और यूनिट्स तक पहुंचने वाले रास्तों की खराब हालत का मुद्दा उठाया। एडीएम ने इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। पडरौना और फाजिलनगर में कई इकाइयों तक जाने वाले संपर्क मार्गों का काम शुरू हो चुका है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा। दुदही स्थित मिनी औद्योगिक आस्थान में बिजली की समस्या को लेकर एडीएम ने बिजली विभाग को सख्त लहजे में 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है।
₹1200 करोड़ के निवेश का लक्ष्य
प्रशासन का पूरा ध्यान जनपद में बड़े निवेश पर है। विभिन्न विभागों को ₹1200 करोड़ के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। एडीएम ने साफ कहा कि कृषि, शिक्षा, पर्यटन और राजस्व जैसे विभाग मिलकर काम करें ताकि लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने बैंकों को भी निर्देश दिया कि स्वरोजगार योजनाओं (ODOP और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना) में युवाओं को ऋण देने में सकारात्मक सहयोग करें।
‘निवेश मित्र’ पोर्टल पर न रहे कोई पेंडिंग फाइल
अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि ‘निवेश मित्र’ पोर्टल पर आने वाले आवेदनों को लटकाया न जाए। फाइलों का निस्तारण पारदर्शिता के साथ और समय सीमा के भीतर होना चाहिए। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं को भी सुना गया और श्रम विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में सहायक उपायुक्त उद्योग आलोक कुमार गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार, उद्यमी संघ के अध्यक्ष रामअशीष जायसवाल सहित कई विभागों के अधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: लखनऊ: SGPGI ट्रॉमा सेंटर हुआ ‘हाई-टेक’, अब मिनटों में होगी गंभीर चोट की सटीक जांच

