कुशीनगर: खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने पर मिलेगी बंपर सब्सिडी, योगी सरकार ने खोला खजाना
पडरौना, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश को कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का हब बनाने के संकल्प के साथ योगी सरकार ने ‘खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023’ के तहत निवेशकों के लिए भारी सब्सिडी और रियायतों का एलान किया है। जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र ने उद्यमियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और किसानों की आय बढ़ाने के लिए इस नीति का लाभ उठाने की अपील की है।
सब्सिडी और वित्तीय लाभ
उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन ने बताया कि नई इकाइयों की स्थापना के लिए सरकार द्वारा निम्नलिखित वित्तीय प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
संयंत्र और मशीनरी की लागत पर 35% तक की पूंजी सब्सिडी (अधिकतम 5 करोड़ रुपये तक)।
बैंक ऋण पर 100% ब्याज सब्सिडी की व्यवस्था।
विद्युत शुल्क में 50 पैसे प्रति यूनिट की छूट और भूमि खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 50% तक की राहत।
उत्पादों के परिवहन लागत पर 25% का अनुदान।
वेयरहाउसिंग और कोल्ड चेन के लिए विशेष बजट
भंडारण की समस्या को दूर करने के लिए भी सरकार ने बड़े प्रावधान किए हैं।
भंडारण परियोजनाओं पर 35% तक अनुदान (अधिकतम 10 करोड़ रुपये)।
महिला उद्यमियों को प्राथमिकता: ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमियों को 90% तक विशेष सब्सिडी देकर सशक्त बनाया जाएगा।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उद्यमी और निवेशक ‘निवेश मित्र’ (Nivesh Mitra) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी और तकनीकी सहायता के लिए जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र में संपर्क किया जा सकता है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: कुशीनगर: कानून-व्यवस्था का अपराधियों पर प्रहार, 7 शातिर अपराधी 6 माह के लिए ‘जिला बदर’

