कुशीनगर: किशोरी को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले तीन युवकों पर केस, एक गिरफ्तार

हाटा (कुशीनगर): जनपद के हाटा कोतवाली थानांतर्गत डुमरी स्वामी पट्टी गांव में एक 16 वर्षीय किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतका की मां की तहरीर पर गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

बीती 7 फरवरी को गांव की एक नाबालिग किशोरी ने घर के भीतर फंदा लगाकर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी फांसी से मृत्यु की पुष्टि हुई। घटना के बाद मृतका की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के तीन युवक उनकी बेटी को काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे।

मां का आरोप है कि आरोपी शहबाज उर्फ शमीर ने उनकी बेटी का एक आपत्तिजनक वीडियो चोरी-छिपे बना लिया था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ मिलकर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा और किशोरी को ब्लैकमेल करने लगा। लोकलाज और बदनामी के डर से परेशान होकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

एक आरोपी सलाखों के पीछे

प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे के अनुसार, पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी अजीज पुत्र मुर्तुजा, शहबाज उर्फ शमीर पुत्र मैनुद्दीन और शमीर पुत्र मुनीर के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष दो आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: बरेली का दबदबा बरकरार: जनसुनवाई रैंकिंग में प्रदेश में लगातार दूसरी बार हासिल किया द्वितीय स्थान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.