कुशीनगर: 25 हज़ार का इनामी पशु तस्कर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की गोली से घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिस को पशु तस्करी के ख़िलाफ़ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अहिरौली थाना क्षेत्र में पुलिस और एक ₹25,000 के इनामी पशु तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान, गोली लगने से तस्कर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

मुकामी पुलिस को पशु तस्करों के आने की सूचना मिली, जिसके बाद अहिरौली, कप्तानगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम (SWAT) के साथ चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से पुलिया के पास पहुंचा। पुलिस के रोकने के इशारे पर उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में हमलावर गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। घायल व्यक्ति की पहचान ₹25,000 के इनामी पशु तस्कर राकेश कुशवाहा के रूप में हुई, जो तरया सुजान थाना क्षेत्र के लक्ष्मीराम तरया गाँव का निवासी है।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

कसया के सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि घायल तस्कर के पास से एक अवैध असलहा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। राकेश कुशवाहा पर गोरखपुर और कुशीनगर के कई थानों में अनेक मुक़दमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ़्त से बच रहा था। घायल तस्कर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: पूर्व कांग्रेस नेता का बड़ा दावा, बोले- राहुल गांधी ‘बदतमीजों के बादशाह’, अखिलेश ने किया पार्टी का ‘सत्यानाश’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.