कुशीनगर में ‘सेवा पखवाड़ा’ की धूम, बाइक रैली निकली, टीबी मरीजों को मिला पोषण किट
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत कुशीनगर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और लोगों को संबोधित किया।

महिलाओं के सम्मान में बाइक रैली
‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत पुलिस लाइन, कुशीनगर से ‘नारी शक्ति बाइक रैली’ निकाली गई। प्रभारी मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इस रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के संकल्प को भी पूरा करेगी।

स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता अभियान
प्रभारी मंत्री दिनेश सिंह ने कसया सीएचसी में लगे स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एचआईवी, आयुष्मान कार्ड और टीबी विभाग सहित कई स्टालों का जायजा लिया। इस दौरान पांच टीबी मरीजों को प्रोटीन से भरा पोषण किट भी दिया गया। शिविर में कुल 143 मरीजों का मुफ्त इलाज किया गया, उनकी जांच हुई और उन्हें दवाइयां भी दी गईं।

इसके बाद प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में भी हिस्सा लिया। इस मौके पर आयोजन में सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक पीएन पाठक, विवेकानंद पांडेय, डॉ असीम राय, मोहन वर्मा, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, सीडीओ गुंजन द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्र, एसडीएम डॉ संतराज सिंह बधेल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष किरन जायसवाल प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, मंडल अध्यक्ष आद्या पांडेय, डॉ शौनक श्रीवास्तव, डॉ जलज सिंह, डॉ आशुतोष पांडेय, डॉ नेहा, डॉ निधि प्रदा मल्ल, निक्षय मित्र नोडल आशुतोष कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल।
Also Read: बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

