कुशीनगर में यूपी दिवस की धूम: 16 करोड़ से अधिक की योजनाओं की मिली सौगात
पडरौना, कुशीनगर: शनिवार को जिला स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कुशीनगर की सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उनके साथ सांसद विजय कुमार दुबे और राज्यसभा सांसद कुंवर आर.पी.एन. सिंह भी मौजूद रहे।

सांस्कृतिक विरासत और ‘कजरी’ की चर्चा
प्रभारी मंत्री ने स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जमकर तारीफ की। उन्होंने विशेष रूप से ‘कजरी’ जैसी लोक विधाओं के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि जहां पुरानी विधाएं लुप्त हो रही हैं, वहीं कुशीनगर के बच्चे अपनी विरासत को संजोए हुए हैं। मंत्री ने कहा, “शुरुआत में नेपाल सीमा से सटे इस जिले को लेकर कुछ आशंकाएं थीं, लेकिन यहां आकर पता चला कि यह जनपद सांस्कृतिक और राजनीतिक रूप से कितना समृद्ध है।”
70 साल बाद मिला सम्मान
सांसद विजय कुमार दुबे ने एक महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि 1950 में यूपी की स्थापना तो हुई, लेकिन राम और कृष्ण की इस धरती का स्थापना दिवस मनाने में लगभग 70 साल लग गए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल की सराहना की। वहीं, राज्यसभा सांसद कुंवर आर.पी.एन. सिंह ने कुशीनगर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का भरोसा दिया।

इस ऐतिहासिक दिन को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारा गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 16 करोड़ 4 लाख रुपये की योजनाओं के डमी चेक और प्रशस्ति पत्र लाभार्थियों को बांटे गए। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि उत्तर प्रदेश की आबादी और कद किसी देश से कम नहीं है। उन्होंने 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर तीन माह में सकारात्मक बदलाव लाने का वादा किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का जमावड़ा
कार्यक्रम में विधायक मोहन वर्मा (हाटा), विवेकानंद पांडे (खड्डा), विनय प्रकाश गौंड (रामकोला), मनीष जायसवाल (पडरौना) और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल सहित कई दिग्गज मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार और सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव के साथ अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: अमेठी: संग्रामपुर पुलिस का कड़ा एक्शन, वांछित आरोपी गिरफ्तार

