कुशीनगर: सीडीओ की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक संपन्न, सैनिकों ने साझा की समस्याएं

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान और उनकी सहूलियत के लिए मंगलवार को कुशीनगर के विकास भवन सभागार में ‘जिला सैनिक बंधु’ की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के विभिन्न कोनों से आए पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याएं साझा कीं।

मौके पर ही अधिकारियों की लगाई क्लास

बैठक के दौरान जब पूर्व सैनिक रामकेवल, रामवृक्ष गुप्ता और बैजनाथ ने नाले के निर्माण, जमीन की पैमाइश और राशन कार्ड जैसी बुनियादी समस्याएं रखीं, तो सीडीओ ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके से ही फोन लगाया और स्पष्ट निर्देश दिए कि इन मामलों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कुशीनगर: सीडीओ की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक संपन्न, सैनिकों ने साझा की समस्याएं

सीडीओ ने बैठक में पूर्व सैनिकों से उनके शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़ी अन्य बारीकियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा “शासन की प्राथमिकताओं में हमारे सैनिकों की समस्याओं का निस्तारण सबसे ऊपर है। आप सभी समाज के सम्मानित स्तंभ हैं। प्रशासन आपकी हर समस्या को शीर्ष प्राथमिकता पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

जागरूकता फैलाने की अपील

अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों से यह भी अपील की कि वे समाज में अपनी विशेष पहचान का उपयोग करें और आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने में मदद करें।

बैठक में ये रहे मौजूद

समारोह में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी सुनील कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह, डीसी उद्योग अभय कुमार सुमन सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। पूर्व सैनिकों की ओर से कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन शमसुद्दीन अंसारी और कैप्टन दयाशंकर पांडे ने भी अपने सुझाव साझा किए।

Also Read: लखनऊ: नशे में धुत ई-रिक्शा चालक ने मासूम को रौंदा, महिगवां पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.