कुशीनगर: डीएम ने सर्पदंश से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक, बताया- डॉक्टर पर करें भरोसा
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से अपील की है कि सर्पदंश के बारे में सही जानकारी न होने से कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं। उन्होंने लोगों से सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूक होने को कहा है।
डीएम ने बताया कि सर्पदंश से होने वाली मौतों का मुख्य कारण इलाज में देरी और झाड़-फूंक पर भरोसा करना है। उन्होंने कहा कि आधे से ज़्यादा मौतें विषहीन सांप के काटने से होती हैं, क्योंकि लोग घबराहट में सही इलाज नहीं करवाते। उन्होंने कहा कि सांप तभी काटता है जब उसे खतरा महसूस होता है।
सांप से बचाव के उपाय
- सांप के बिल में कार्बोलिक एसिड डालें, इसकी गंध से सांप दूर रहते हैं।
- घर के आस-पास चूहे और मुर्गियों के चूजों को इकट्ठा न होने दें।
- मलबे या ऐसी जगहों से दूर रहें जहाँ सांप छिप सकते हैं।
- सांप दिखने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि धीरे-धीरे उससे दूर हटें।
सर्पदंश के लक्षण
- दंश वाली जगह पर दर्द, नींद आना, आंखों की पलकें बंद होना, पक्षाघात (Paralysis), सांस लेने में तकलीफ, आवाज़ का पतला होना और मुंह से झाग आना।
- दंश वाली जगह पर जलन और तेज़ दर्द, पेट में दर्द, गहरे भूरे रंग का पेशाब और आंतरिक रक्तस्राव।
प्राथमिक उपचार और सावधानियां
- सबसे पहले, पीड़ित को शांत करें और विश्वास दिलाएं कि वह ठीक हो जाएगा, क्योंकि ज़्यादातर सांप विषैले नहीं होते।
- प्रभावित अंग से अंगूठी, घड़ी और टाइट कपड़े हटा दें ताकि रक्त संचार न रुके।
- घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं।
- काटने वाली जगह को साबुन और गुनगुने पानी से धोएं, लेकिन उस पर चीरा न लगाएं या मुंह से खून चूसने की कोशिश न करें।
- झाड़-फूंक और तांत्रिकों के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें।
सर्पदंश से मृत्यु पर सरकारी सहायता
अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि सर्पदंश से मृत्यु होने पर सरकार की ओर से ₹4 लाख की सहायता राशि दी जाती है। 40-60% विकलांगता पर ₹74 हज़ार और 60% से अधिक विकलांगता पर ₹2.50 लाख की सहायता राशि देय है। सरकारी अस्पताल में एक सप्ताह से कम भर्ती रहने पर ₹5,400 और एक सप्ताह से ज़्यादा भर्ती रहने पर ₹16,000 की सहायता राशि भी मिलती है।
Also Read: Siddharthnagar News: सांसद जगदंबिका पाल ने किया बस्ती-भड़रिया मार्ग का शिलान्यास

