कुशीनगर: डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने शिक्षा विभाग की योजनाओं को लेकर कड़े तेवर दिखाए, बैंकर्स को लगाई फटकार

पडरौना (कुशीनगर): जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग और जिला अनुश्रवण समिति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने डीबीटी (DBT), कस्तूरबा गांधी विद्यालय और निर्माणाधीन स्कूलों की धीमी प्रगति पर सख्त नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।

बीटी और बैंकर्स की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

समीक्षा के दौरान डीएम को बताया गया कि तकनीकी खामियों के कारण 7570 छात्र-छात्राओं के खातों में डीबीटी की धनराशि नहीं पहुंच पाई है। एलडीएम के नेतृत्व में कमी और योजनाओं की खराब प्रगति पर डीएम ने बैंकर्स को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने बैंक स्तर पर लंबित सभी प्रकरणों की एक अलग ‘बुकलेट’ तैयार कर प्रस्तुत करने का आदेश दिया और बैंकर्स के साथ अलग से बैठक करने की बात कही।

कस्तूरबा विद्यालयों में सुरक्षा और आरटीई (RTE) पर जोर

छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रत्येक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक पुरुष और एक महिला होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति पंजिका (Register) की समय-समय पर जाँच भी की जाएगी। शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में पात्र बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने निर्देश दिया कि आरटीई आवेदन निरस्त होने के कारणों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुँचाया जाए ताकि पारदिर्शता बनी रहे।

निर्माणाधीन विद्यालय और प्रोजेक्ट अलंकार

प्रोजेक्ट अलंकार: माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों, खेल मैदान, बाउंड्रीवाल और भूमि उपलब्धता की समीक्षा की गई। डीएम ने विद्यालय प्रबंधकों के साथ अलग से बैठक बुलाने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्य घर योजना: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अब तक 193 पंजीकरण हुए हैं, जिसे बढ़ाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) श्रवण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राम जियावन मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: सोनभद्र: UP STF का बड़ा एक्शन, ट्रक के केबिन में 45 लाख का गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.