कुशीनगर में DM की सख्त चेतावनी, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी त्योहारों, विशेषकर दीपावली, भैयादूज, चित्रगुप्त जयंती और छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कुशीनगर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अनावश्यक या भड़काऊ पोस्ट डालने और शेयर करने वालों की खैर नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे पोस्टों पर कड़ी निगरानी रखने और शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पीस कमेटी की बैठक में डीएम ने की अपील
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर कलेक्ट्रेट सभागार में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में अधिकारीगण, विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरु और जनपद के प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने कहा, “हमने अब तक सभी त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाया है, और मुझे विश्वास है कि अधिकारीगण आपसी समन्वय से आगामी त्योहारों को भी सफलतापूर्वक संपन्न कराएंगे।” उन्होंने जनपदवासियों को त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यदि कोई समस्या या दिक्कत हो, तो समय रहते उच्च अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि उनका त्वरित निदान किया जा सके।
पुलिस की विशेष निगरानी
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं और पुलिस टीम की ड्यूटी भी लगा दी गई है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित वातावरण में खुशियों के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि अनावश्यक और भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शासन के दिशा-निर्देशों का 100 प्रतिशत अनुपालन अनिवार्य होगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धर्मगुरुओं ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों और धर्मगुरुओं ने जिले में ‘अनेकता में एकता’, अमन-चैन और आपसी सौहार्द कायम रखने पर अपने विचार रखे। सभी ने एक स्वर से प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे और लोगों से जनपद में प्यार और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, समस्त उपजिलाधिकारी, सीओ, थानाध्यक्ष, ईओ सहित सभी संबंधित अधिकारी और विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरु मौजूद रहे।
Also Read: कांशीराम रैली के बाद एक्शन में मायावती, कल करेंगी यूपी के पदाधिकारियों संग बड़ी बैठक

