कुशीनगर में त्योहारों पर ‘हुड़दंग’ पड़ेगा भारी, डीएम की चेतावनी- कानून तोड़ा तो होगी जेल
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी त्योहारों रमजान, होली, नवरात्रि और रामनवमी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कुशीनगर के जिलाधिकारी (DM) महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार ने मंगलवार को ‘शांति समिति’ (Peace Committee) की अहम बैठक की। बैठक का सीधा संदेश था त्योहार भाईचारे के लिए हैं, विवाद के लिए नहीं।

पुराने रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे पिछले विवादों का रिकॉर्ड चेक करें। जो लोग बार-बार माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, उन्हें चिन्हित कर पहले ही पाबंद (बाउंड) कर दिया जाए। उन्होंने साफ कहा कि होली के दिन किसी के साथ जबरदस्ती रंग न डाला जाए और शराब पीकर बदतमीजी करने वालों के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाए।
सोशल मीडिया पर ‘डिजिटल’ पहरा
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर उड़ने वाली किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि डीजे की आवाज कोर्ट की गाइडलाइंस के अनुसार ही हो और जुलूस के दौरान आयोजकों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए।
आम जनता की सुविधा के लिए बड़े फैसले
बैठक में त्योहारों के दौरान आम जनजीवन को सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक कंट्रोल: भीड़भाड़ वाले शहरी क्षेत्रों में भारी और ओवरलोड वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
बिजली-पानी: होलिका दहन और रमजान के दौरान निर्बाध जलापूर्ति और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई: नमाज स्थलों और शोभा यात्रा वाले रास्तों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
रोड सेफ्टी: शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त चालान और कानूनी कार्रवाई होगी।

परंपरा का सम्मान, सुरक्षा का ध्यान
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नमाज केवल निर्धारित स्थलों पर ही पढ़ी जाए, सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, होलिका दहन और शोभा यात्राएं पारंपरिक तरीके से ही आयोजित की जाएंगी। किसी भी नए विवाद को जन्म देने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। बैठक में एडीएम वैभव मिश्रा सहित जिले के सभी उप-जिलाधिकारी (SDM), क्षेत्राधिकारी और पीस कमेटी के सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: कुशीनगर: निजी अस्पताल की लापरवाही ने ली नवजात की जान, परिजनों ने काटा बवाल

