कुशीनगर: प्रेमिका ने साथ रहने से किया इनकार, नाराज युवक ने दोबारा दी आत्महत्या की धमकी
कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली नगर पंचायत के पिपरा उर्फ तितला गांव में एक युवक ने मंगलवार को फिर से मोबाइल टावर पर चढ़कर जान देने की कोशिश की। युवक ने यह कदम तब उठाया, जब उसकी कथित प्रेमिका (जो अब उसकी पत्नी होने का दावा किया जाता है) ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर हाटा कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा और हिरासत में ले लिया।
प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक विवाद
हाटा कोतवाली के वार्ड नंबर 1, परागपुर निवासी अमरेंद्र तिवारी (पुत्र धनंजय तिवारी) का थाना क्षेत्र के एक गाँव की गैर-बिरादरी की युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। स्थानीय चर्चा के अनुसार, अमरेंद्र ने चोरी-छिपे उस युवती से शादी कर ली थी।
पारिवारिक विरोध के चलते अमरेंद्र अपनी प्रेमिका/पत्नी के साथ कई महीनों से बाहर रह रहा था। घर लौटने पर, लड़की अपनी माँ के घर चली गई। कुछ दिनों पहले, जब अमरेंद्र उससे मिलने उसके घर पहुंचा और साथ चलने की जिद करने लगा, तो लड़की और उसके परिजनों ने कथित तौर पर युवक की पिटाई कर दी थी। इस घटना से आहत होकर अमरेंद्र ने पहली बार टावर पर चढ़कर जान देने की कोशिश की थी, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर रोका था।
जिद पूरी करने के आश्वासन पर उतरा नीचे
मंगलवार को अमरेंद्र दोबारा सुकरौली नगर पंचायत स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। लोगों ने तुरंत हाटा कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
हाटा कोतवाल रामसहाय चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अमरेंद्र तिवारी ‘जिद्दी प्रवृत्ति’ का है और वह अपनी प्रेमिका से मिलवाने की जिद पर अड़ा हुआ था। पुलिस ने उसकी मांग पूरी करने का आश्वासन देकर और काफी देर तक समझा-बुझाकर उसे टावर से सुरक्षित नीचे उतरवाया। कोतवाल ने बताया कि प्रेमिका के प्रेम में पागल इस युवक को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: श्रावस्ती में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता चौपालें आयोजित

