प्रदेश में कुशीनगर को मिला 10वां रैंक, डीएम ने अधिकारियों को दी बधाई

डीएम की अध्यक्षता में विकास कार्यों की हुई समीक्षा बैठक

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश में कुशीनगर को 10 वां रैंक मिलने पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को बधाई देते हुए टीम भावना से कार्य करते हुए सीएम डैशबोर्ड पर और बेहतर रैंक हासिल करने की अपील भी की। कहा सीएम डैशबोर्ड पर प्रदेश में 10वीं रैंक प्राप्त करना प्रशंसनीय उपलब्धि है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जिन विभागों के कार्य ‘सी’ एवं ‘डी’ श्रेणी में हैं, वह तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं। कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विकास कार्यों की समीक्षा

बैठक में नई सड़कों के निर्माण, पर्यटन विभाग, ऋण वितरण एवं वसूली, स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं, ई-ऑफिस प्रणाली, जल निगम कार्यों, तथा जीरो पावर्टी मिशन के अंतर्गत संचालित 8 प्रमुख विभागों के निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, किसान सम्मान निधि, पीएम जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास आदि की भी समीक्षा की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), डीसी मनरेगा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जीरो पावर्टी मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न ब्लॉक के विकास अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

पीएम सूर्य घर योजना

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के अंतर्गत इस माह में 1000 के लक्ष्य के विरुद्ध 500 परिवारों को लाभान्वित किए जाने की सूचना पर जिलाधिकारी ने शेष लक्ष्य की पूर्ति समयबद्ध रूप से करने के निर्देश दिए।

फैमिली आईडी योजना

फैमिली आईडी योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रगति को असंतोषजनक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को पुनः लक्ष्य निर्धारण कर अगली बैठक तक पूर्ण लक्ष्य हासिल करने के सख्त निर्देश दिए।

समयबद्धता, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से समझौता नहीं

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थीपरक योजनाओं के संचालन में समयबद्धता, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। इससे कोई समझौता नहीं होगा। आमजन की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए अन्यथा की दशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।

रूके वेतन के भुगतान के निर्देश

जिलाधिकारी ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए जिन कर्मचारियों का वेतन किसी कारण से रुका हुआ था, उनके भुगतान हेतु वरिष्ठ कोषाधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है ताकि सभी कर्मचारी त्योहार हर्षाेल्लास से मना सकें।

रिपोर्ट-राघवेंद्र मल्ल 

Also Read: बिहार चुनाव: चिराग पासवान की LJP(R) ने सभी 29 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, दूसरी सूची में 15 प्रत्याशियों का ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.