Kushinagar News: खेत से लापता हुई किशोरी का अर्धनग्न शव बरामद, परिजनों ने हाईवे जाम कर किया हंगामा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पिपरा कपूर गांव से खेत में पानी देने निकली 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। युवती का अर्धनग्न शव देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में बरामद किया गया है। परिजनों ने हत्या और यौन उत्पीड़न की आशंका जताई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है और गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

लापता किशोरी की लाश दूसरे जिले में मिली

पिपरा कपूर वार्ड नंबर 3 निवासी अमृता शर्मा, गुरुवार को खेत में पानी देने गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने हर संभव स्थान पर तलाश की लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। दो दिन बाद पुलिस को अमृता का शव देवरिया जिले के रामपुर कारखाना इलाके में मिला, जिसकी सूचना हाटा कोतवाली पुलिस ने परिजनों को दी। शव मिलने की पुष्टि होते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव के ही युवक पर आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

परिजनों की शिकायत और शक के आधार पर गांव के ही निवासी मोहम्मद सैफ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप: समय पर कार्रवाई होती तो बच जाती अमृता

अमृता की मौत की खबर सामने आते ही परिवार ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर तहरीर के बाद समय रहते खोजबीन शुरू हो जाती, तो शायद उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी।

हाईवे जाम, लव जिहाद का भी लगाया आरोप

रविवार शाम को परिजनों को यह सूचना मिली कि शव सीधे पुलिस द्वारा दफना दिया जाएगा और घर नहीं भेजा जाएगा। इस पर परिजन भड़क उठे और सैकड़ों ग्रामीणों के साथ मिलकर हाटा-देवरिया हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। मृतका की मां बिमला देवी ने शव घर लाने की मांग के साथ, आरोपी पर लव जिहाद का मुकदमा दर्ज करने और मामले की CBI जांच की भी मांग की।

पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद टूटा जाम

हंगामे की सूचना पर कसया क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद उनके घर पहुंचाया जाएगा और सभी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके समझाने पर जाम थोड़ी देर के लिए खुला, लेकिन मां के सड़क पर फिर से बैठने से दोबारा अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय नेताओं ने दी सांत्वना

मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष रामानंद सिंह, वार्ड सभासद राजू वर्नवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष नंदकिशोर नाथानी, और हिंदू संगठनों से जुड़े नेता राम वचन सिंह सहित कई सामाजिक नेता पहुंचे। सभी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार के साथ पूरा समाज और प्रशासन खड़ा है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल।

 

Also Read: Lucknow News: FIR के खिलाफ पार्षदों का प्रदर्शन, नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.