उड़ान को तैयार कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, डीएम बोले- सुरक्षा और सुविधा हमारी प्राथमिकता
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार को एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की सभी बुनियादी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और संचालन से जुड़ी पुरानी बाधाओं को भी अब दूर कर दिया गया है।
मॉक ड्रिल में दिखी सुरक्षा तैयारियों की झलक
डीएम तंवर की अध्यक्षता में एयरपोर्ट परिसर में विमान क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति और एयरोड्रम समिति की बैठक आयोजित हुई। इसके बाद एंटी-हाईजैक मॉक ड्रिल और आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी सुरक्षा एजेंसियों, एयरपोर्ट कर्मचारियों और विभिन्न विभागों ने हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल का मकसद था कि अगर कभी आपात स्थिति जैसे हाईजैक या कोई अन्य संकट उत्पन्न हो तो किस तरह से तेजी और समन्वय के साथ प्रतिक्रिया दी जाए।
पुराने अवरोधों को किया गया दूर
इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक प्राणेश कुमार राय ने बीते एक माह में जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि रनवे के रास्ते में आ रहे पेड़, मोबाइल टावर और बिजली के खंभों को हटाकर उड़ान में आ रही वर्षों पुरानी बाधा को समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही, रनवे के पास बने कुछ घरों को लेकर कोर्ट में चल रहे स्टे को हटवाने के लिए भी प्रशासनिक प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
बर्ड स्ट्राइक और वाइल्डलाइफ से निपटने की तैयारी
सेफ्टी मैनेजर गौरव श्रीवास्तव ने बैठक में बर्ड स्ट्राइक और अन्य वन्य जीवों से उत्पन्न होने वाले खतरों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि हवाई जहाजों की सुरक्षा के लिए इन गतिविधियों पर नियंत्रण के आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट परिसर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) बिल्डिंग और एंटी-हाईजैक कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट न सिर्फ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा, बल्कि बौद्ध धर्म पर्यटन को भी नई ऊंचाइयाँ देगा। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि कुशीनगर एयरपोर्ट को पूरी तरह सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त बनाया जाए।
सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: एसपी
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि एयरपोर्ट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मॉक ड्रिल जैसे अभ्यास हमारी तैयारियों को और मजबूत बनाते हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस आयोजन में एसडीएम कसया आशुतोष कुमार, एयरपोर्ट निदेशक प्राणेश कुमार राय, सुरक्षा, तकनीकी, चिकित्सा, अग्निशमन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सहित तमाम विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Also Read: Gonda News: दूसरी ग्राम पंचायत के बच्चों के मर्जर पर भड़के ग्रामीण, स्कूल में जड़ा ताला

