कुशीनगर: 22 फरवरी को आयोजित होगा मेगा विधिक सहायता शिविर, मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

पडरौना (कुशीनगर): जनपद न्यायाधीश के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में एक विशाल ‘मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वृहद कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रभात सिंह और जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर के बीच कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक हुई।

40 विभागों का होगा समन्वय, 11 फरवरी को बड़ी बैठक

सचिव प्रभात सिंह ने बताया कि इस विशाल आयोजन की सफलता के लिए जनपद के 40 से अधिक विभागों की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है। इस पर जिलाधिकारी ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए 11 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागाध्यक्षों की एक विशेष समन्वय बैठक बुलाने का निर्णय लिया है।

दो चरणों में संपन्न होगा अभियान

शिविर की कार्ययोजना को दो मुख्य चरणों में विभाजित किया गया है।

प्रथम चरण (लघु शिविर): मेगा शिविर से पूर्व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छोटे-छोटे शिविर लगाए जाएंगे। यहाँ विभाग अपनी योजनाओं का प्रचार करेंगे और पात्र लाभार्थियों का चयन करेंगे।

द्वितीय चरण (मेगा शिविर): 22 फरवरी को मुख्य आयोजन के दौरान चिन्हित लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया जाएगा।

इन वर्गों पर रहेगा विशेष फोकस

इस शिविर का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को न्याय और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। इसमें विशेष रूप से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं और बच्चे। असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति/जनजाति के लोग। बेरोजगार युवा और कृषक वर्ग को शामिल कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: कुशीनगर में ‘मेरा युवा भारत बजट क्विज 2026’ का आगाज़, विजेताओं को पीएम मोदी से सीधे संवाद का मिलेगा मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.