कुशीनगर: ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ का आगाज, नियमों के पालन से थमेगी दुर्घटनाओं की रफ़्तार

पडरौना, कुशीनगर: सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जनपद कुशीनगर में ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना है।

‘जागरूकता ही बचाव है’

शुभारंभ अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) मु. अज़ीम ने उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और सुरक्षित ड्राइविंग के मूल मंत्र साझा किए। उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया।

दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षक है।

ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार) और नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी है।

सड़क पर लगे यातायात संकेतों और रेड लाइट का कड़ाई से पालन करें।

महीने भर चलेंगे विशेष अभियान

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि इस पूरे माह जनपद में गतिविधियों का कैलेंडर तैयार किया गया है। जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों और कॉलेजों में वाद-विवाद व चित्रकला प्रतियोगिताओं के जरिए छात्रों को जागरूक किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक और प्रचार वाहनों के माध्यम से संदेश फैलाया जाएगा।

सुरक्षित नागरिक, सुरक्षित सड़क

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। एआरटीओ ने संदेश दिया कि जब तक प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी से वाहन नहीं चलाएगा, तब तक दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना कठिन है। उन्होंने लोगों से ‘जिम्मेदार नागरिक’ बनने की अपील की।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: मिर्जापुर: 3 जनवरी को सपा की बैठक और सावित्रीबाई फुले जयंती का आयोजन; दिग्गजों का होगा जुटान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.