कुशीनगर: निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही, कई अफसरों को कारण बताओ नोटिस

बीडीओ व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तमकुहीराज, सेवरही, दुदही, हाटा एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी व, एसडीओ विद्युत कसया रडार पर

Sandesh Wahak Digital Desk: अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में कुशीनगर जिले के तमकुहीराज एवं हाटा विधान सभा क्षेत्रों में नो-मैपिंग, डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन, सुनवाई एवं नोटिस निर्गत किए जाने के कार्यों में गंभीर शिथिलता पाए जाने पर जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उपजिलाधिकारी, तमकुहीराज तथा तहसील हाटा से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सहायक व अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में नामित किए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा बार-बार निर्देश दिए जाने पर भी न तो निर्धारित नोटिस डाउनलोड व निर्गत किए गए, न ही प्रशिक्षण, बैठकों एवं निर्वाचन कार्यों में अपेक्षित सहभागिता सुनिश्चित की गई। इससे निर्वाचन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

गंभीर अनियमितताएं आई सामने

इसके अतिरिक्त पंचायत निर्वाचक नामावली 2021 के अंतर्गत डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के कार्य में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। बिना समुचित जांच के बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम विलोपित किए जाने, ग्राम पंचायतवार खुली बैठकों के आयोजन एवं साक्ष्य (वीडियो व फोटोग्राफ) प्रस्तुत न किए जाने तथा डाटा फीडिंग वेण्डर के विरुद्ध प्रस्तावित कार्यवाही से संबंधित पत्रावलियां समय से प्रस्तुत न करने के आरोप पाए गए हैं।

उक्त कृत्य को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-32 के अंतर्गत कर्तव्यों में लापरवाही एवं उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1999 के उल्लंघन की श्रेणी में मानते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी स्पष्ट किया गया है कि समयान्तर्गत संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में प्रकरण को भारत निर्वाचन आयोग व राज्य निर्वाचन आयोग को अग्रिम अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए संदर्भित किया जाएगा।

जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: ‘हिंदुओं की एकजुटता ही भारत को बनाएगी हिंदू राष्ट्र’, कुशीनगर में बोले RSS प्रांत प्रचारक रमेश भाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.