कुशीनगर: निजी अस्पताल की लापरवाही ने ली नवजात की जान, परिजनों ने काटा बवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज कस्बे में संचालित एक निजी अस्पताल (तिरुपति हॉस्पिटल) में प्रसव के दौरान हुई लापरवाही ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि गलत ऑपरेशन के कारण बच्चे की मौत हो गई और मां की हालत भी बेहद गंभीर है।

आशा बहू और ANM के जरिए पहुंचे थे अस्पताल

रामपुर माफी निवासी मुंजेश कन्नौजिया ने बताया कि उनकी पत्नी पूजा को 7 फरवरी को प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजन उसे लेकर पहले न्यू पीएचसी बोदरवार गए। वहां तैनात एएनएम ने उन्हें बेहतर इलाज का झांसा देकर कप्तानगंज के डीसीएफ चौक पर स्थित ‘तिरुपति हॉस्पिटल’ भेज दिया।

ऑपरेशन में बिगड़ा मामला, संचालक ने खुद मेडिकल कॉलेज छोड़ा

परिजनों का गंभीर आरोप है कि निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने ऑपरेशन में बड़ी लापरवाही बरती, जिससे नवजात शिशु की मौत हो गई। जब प्रसूता पूजा की हालत बिगड़ने लगी और मामला हाथ से निकलता दिखा, तो अस्पताल संचालक ने आनन-फानन में अपनी गाड़ी से उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचा दिया।

मेडिकल कॉलेज ने किया रेफर, अब निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने पूजा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई लखनऊ ले जाने की सलाह दी। हालांकि, आर्थिक तंगी और मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसे गोरखपुर के ही एक दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

परिजनों का गुस्सा और पुलिस की कार्रवाई

इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने पीड़ित पति मुंजेश के नेतृत्व में तिरुपति हॉस्पिटल पहुँचकर घंटों हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल संचालक और लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कप्तानगंज थाने में मामले की तहरीर दे दी गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Also Read: ‘भाजपा जाए तो सेहत सुधर पाए’, अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य विभाग की बदहाली पर बृजेश पाठक को घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.