Kushinagar News: प्रदूषण फैलाने वाले ईंट भट्ठों पर गिरी गाज, प्रशासन ने कराया बंद

Kushinagar  News: पर्यावरण सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन को लेकर कुशीनगर प्रशासन ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित खनन विभाग, अग्निशमन विभाग और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर में छापेमारी की। यहाँ नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे ‘मेसर्स जय बालाजी ईंट उद्योग’ (जय महावीर ईंट उद्योग) को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

निरीक्षण में खुली पोल: न अनुमति, न सहमति

जब संयुक्त टीम मौके पर पहुँची, तो भट्ठा पूरी तरह चालू पाया गया। जाँच के दौरान पता चला कि इस भट्ठे के पास उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संचालन के लिए आवश्यक ‘स्थापनार्थ एवं संचालनार्थ सहमति’ (CTE/CTO) नहीं थी। पर्यावरण मानकों (जल और वायु प्रदूषण नियंत्रण) की अनदेखी करते हुए इसे अवैध रूप से चलाया जा रहा था।

भट्ठा संचालक को सख्त हिदायत

मौके पर मौजूद भट्ठा प्रतिनिधि राजन सिंह को टीम ने सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में जब तक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से वैधानिक अनुमति प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक भट्ठे का संचालन किसी भी सूरत में शुरू न किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जारी रहेगा ‘क्लीन कुशीनगर’ अभियान

खनन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी एक भट्ठे तक सीमित नहीं है। जिले में अवैध खनन और नियमों के विरुद्ध चल रहे ईंट भट्ठों को चिन्हित किया जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रदूषण फैलाने वाली अन्य इकाइयों पर भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

Also Read: UP STF ने 50 हजार के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार, बैंक मित्र से लूट के बाद था फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.