Kushinagar News: प्रेमिका के इनकार से नाराज प्रेमी टावर पर चढ़ा, 4 घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार को एक आशिक मिजाज युवक ने तब हंगामा खड़ा कर दिया जब उसकी प्रेमिका ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली कस्बा स्थित पिपरा ऊर्फ तितिला गांव में गोलू नामक यह युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। करीब तीन-चार घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस ने गोलू को सुरक्षित नीचे उतारा और अपने साथ कोतवाली ले गई।
क्यों शुरू हुआ हंगामा?
हाटा कोतवाली क्षेत्र के बाघनाथ परागपुर निवासी गोलू का, डुमरी मलाव निवासी एक युवती से पिछले चार वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ में रह रहे थे।
कुछ दिनों पहले आपसी विवाद के चलते युवती अपने मायके चली आई थी। गोलू जब बार-बार बुलाने पहुंचा, तो प्रेमिका ने साथ चलने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों के बीच काफी वाद-विवाद हुआ। गोलू का आरोप है कि इस दौरान युवती के स्वजनों ने उसके साथ मारपीट भी की और गला दबाने की कोशिश की। युवती के पैसा हड़पने और उसे साथ न भेजने के आरोप से आहत होकर गोलू पास के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और मदद की गुहार लगाने लगा। गोलू पेशे से पिकअप गाड़ी की बॉडी बनाने का काम करता है। दोनों की प्रेम कहानी तब शुरू हुई थी जब युवती अपनी बहन के घर परागपुर आती-जाती थी। परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, लेकिन बाद में कुछ लोगों के समझौते के बाद दोनों साथ रहने लगे थे।
कोतवाली हाटा के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय चौहान ने बताया कि युवक अपनी पत्नी (प्रेमिका) के साथ न जाने से नाराज होकर टावर पर चढ़ा था। उन्होंने बताया कि अब युवक की पत्नी को भी कोतवाली बुलाया गया है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

