Kushinagar News: जिला अस्पताल के दलाल अब रडार पर, डीएम ने की कार्रवाई की तैयारी
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर के जिला अस्पताल में मरीजों को गुमराह करने वाले बिचौलियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने इन बिचौलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि जो डॉक्टर इन दलालों को संरक्षण देते हैं, उन पर भी एक्शन लिया जाएगा।
अवैध अस्पतालों पर भी गिरेगी गाज
डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से 10 दिन के अंदर जिले में चल रहे सभी पंजीकृत, अपंजीकृत और पंजीकरण के लिए आवेदन किए गए अस्पतालों की पूरी लिस्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि अवैध अस्पतालों में होने वाली मौतों की खबरें लगातार आ रही हैं और इन पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
स्वास्थ्य योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी
बैठक के दौरान, डीएम ने आशा कार्यकर्ताओं के काम की भी समीक्षा की और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो आशा कार्यकर्ता ठीक से काम नहीं कर रही हैं, उन पर सख्त निगरानी रखी जाए। इसके अलावा, उन्होंने ‘आभा आईडी’ बनाने और बच्चों के टीकाकरण जैसे कामों में सुधार लाने के निर्देश दिए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि जिस तरह फसल का बीमा होता है, उसी तरह गर्भ में पल रहे बच्चे का भी बीमा होना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में शासन को पत्र भेजने की बात कही।
Also Read: Lucknow News: अवैध निर्माण के मायाजाल में फंसे LDA अफसर, चल…

