Kushinagar News: जिले में मत्स्य कारोबारियों के साथ डीएम की बैठक, दिए अहम निर्देश
Kushinagar News: जिले में मछली कारोबारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मत्स्य व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई अहम निर्णय लिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर पंचायत छितौनी में मछली की दुकानों का निर्माण कराया जाएगा और फिश फूड मार्केट को आधुनिक रूप में विकसित किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन और स्वीकृतियां
मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत पट्टे के तालाबों में मत्स्य पालन के लिए आए आवेदनों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि अब तक 66 आवेदन ऑनलाइन स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि 19 आवेदनों को अपात्र घोषित कर निरस्त किया गया है। वहीं, मत्स्य बीज बैंक की स्थापना के लिए 4 आवेदनों को हरी झंडी मिल गई, जबकि एक आवेदन खारिज हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पट्टा आवंटन और योजनाओं के लाभ केवल नियमों के अनुरूप ही दिए जाएं। उन्होंने कहा कि अपात्रों की सूची पोर्टल पर अपलोड की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव डालते हुए कहा कि “इस बार नंबर नहीं कटने चाहिए, वरना कार्यवाही तय है।”
फिश मार्केट और फिश फूड पर जोर
डीएम तंवर ने कहा कि जिले में चेफुआ सहित अन्य मांग वाली मछलियों के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए छितौनी नगर पंचायत में आधुनिक मछली मंडी बनाई जाएगी। उन्होंने ईओ से इस पर जल्द पहल करने को कहा। साथ ही फिश फूड मार्केट की स्थापना पर भी चर्चा हुई और इसे जल्द अमलीजामा पहनाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, डीएसटीओ श्रवण कुमार, उप निदेशक (मत्स्य) ब्रजेश कुमार समेत विभिन्न समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्टः राघवेंद्र मल्ल
Also Read: कुशीनगर में नदियों को बचाने का महाअभियान, DM बोले- दिसंबर तक पूरा होगा काम

