Kushinagar News: बाबा धाम से लौट रहे चार कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत, दो घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: भगवान शिव को जल अर्पित कर लौट रहे श्रद्धालुओं की यात्रा उस वक्त मातम में बदल गई, जब सोमवार सुबह कुशीनगर जनपद में एक भीषण सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर के चार कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसा पटहेरवा थाना क्षेत्र के बगही कुट्टी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार एक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। कार में सवार दो अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है।
झपकी बनी हादसे की वजह
घटना के वक्त कार चला रहे राजेश शर्मा ने बताया कि वे बीती रात झारखंड से बाबा धाम (देवघर) से पूजा कर लौट रहे थे। रातभर गाड़ी चलाते-चलाते सुबह उन्हें झपकी आ गई और इसी दौरान कार पीछे से खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
सभी मृतक सिद्धार्थनगर जिले के निवासी थे, जिनमें से कुछ सरकारी सेवा में कार्यरत थे तो कुछ व्यापारी थे।
मरने वालों में शामिल हैं:
- मनोज शर्मा, निवासी – सिद्धार्थनगर
- सुजीत जायसवाल, निवासी – सिद्धार्थनगर
- रामकरन गुप्ता, निवासी – सिद्धार्थनगर
- कैलाश मणि त्रिपाठी, निवासी – सिद्धार्थनगर
घायलों का इलाज जारी
हादसे में बचे दो लोग जिनमें राजेश शर्मा (चालक), पुत्र कृष्ण शर्मा, निवासी पं. दीनदयाल नगर, सिद्धार्थनगर और सुशांत शर्मा, पुत्र धीरेन्द्र शर्मा, निवासी पं. दीनदयाल नगर, सिद्धार्थनगर को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिवभक्ति से लौटते हुए टूटीं चार जिंदगियां, गांव में मातम
कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ यह हादसा ना सिर्फ मृतकों के परिवार के लिए, बल्कि पूरे सिद्धार्थनगर क्षेत्र के लिए एक गहरा सदमा है। गांवों में मातम पसरा हुआ है और लोग एक-दूसरे को ढांढस बंधाते दिखे। इस दुर्घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा में सावधानी बरतने की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल।
Also Read: Kushinagar News: खेत से लापता हुई किशोरी का अर्धनग्न शव बरामद, परिजनों ने हाईवे जाम कर किया हंगामा

