Kushinagar News: 13 साल बाद फिर चलेगी पडरौना चीनी मिल, किसानों में खुशी की लहर
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। साल 2012-13 से बंद पड़ी पडरौना चीनी मिल को फिर से शुरू करने की तैयारी चल रही है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की पहल से इस मिल के दोबारा चलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जिससे न सिर्फ किसानों को फायदा होगा, बल्कि इलाके की ऐतिहासिक गुदरी बाजार की रौनक भी वापस आएगी।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने किसानों और मिल कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की, जिसमें चीनी मिल को दोबारा शुरू करने पर सकारात्मक सहमति बनी। जिलाधिकारी ने कहा कि मिल को चालू कराने के प्रयास रंग ला रहे हैं और इसके अच्छे नतीजे जल्द देखने को मिलेंगे।
डीएम ने दिए कई अहम निर्देश
डीएम तंवर ने कहा कि मिल चालू होने से पहले किसानों का बकाया गन्ना मूल्य और कर्मचारियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पूरे काम में कितना खर्च आएगा और धन की व्यवस्था कैसे होगी, इसकी जानकारी अगले 10-12 दिनों में एक और बैठक में दी जाएगी।
उन्होंने मिल की जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए भी सख्त निर्देश दिए। डीएम ने उप जिलाधिकारी पडरौना को ऐसे सभी कब्जों को चिन्हित कर तुरंत खाली कराने का आदेश दिया। मिल से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया गया कि मिल के पास करीब 54 एकड़ जमीन है।
किसानों और कर्मचारियों का मिला सहयोग
बैठक में किसानों और मिल कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को हर तरह से सहयोग देने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनका बकाया भुगतान कर दिया जाता है, तो वे कोर्ट में दायर सभी केस वापस लेने को तैयार हैं। एक किसान प्रतिनिधि ने साफ किया कि किसी भी किसान ने कोर्ट में कोई अपील नहीं की है, बल्कि हर किसान यही चाहता है कि मिल किसी भी तरह से दोबारा चालू हो जाए।
डीएम तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी यही इच्छा है कि किसानों के हित में मिल को जल्द से जल्द चालू किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक साल के भीतर चीनी मिल को शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, उप जिलाधिकारी ऋषभ पुंडीर, और किसान व मिल कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow News: एलडीए के बिकाऊ इंजीनियरों ने बिगाड़ डाली जानकीपुरम की सूरत

