Kushinagar News: मां दुबौली मंदिर में शतचंडी महायज्ञ का आगाज, निकाली गई भव्य कलश यात्रा
Kushinagar News। कुशीनगर के कप्तानगंज नगर के पास स्थित ऐतिहासिक मां दुबौली मंदिर परिसर में शुक्रवार से नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हो गया। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान की शुरुआत 501 कन्याओं द्वारा निकाली गई एक विशाल और भव्य कलश यात्रा से हुई। लहराते केसरिया झंडे और ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच पूरी कलश यात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
राम-जानकी घाट पर भरा गया पवित्र जल
कलश यात्रा मां दुबौली मंदिर से शुरू होकर पटखौली, मेहड़ा, पिपरा और बौलिया जैसे ग्रामीण इलाकों से होते हुए नगर के आजाद चौक पहुंची। वहां से श्रद्धालु छोटी गण्डक स्थित राम-जानकी घाट पहुंचे। घाट पर आचार्यों द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं ने कलश में जल भरा। इसके बाद यात्रा पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई।

अखाड़ों और युवाओं का दिखा जोश
इस यात्रा में केवल स्थानीय श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि बजरंग दल अखाड़ा और परशुराम अखाड़ा के सदस्यों ने भी पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। रास्ते भर ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
9 दिनों तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम
मंदिर की पुजारीन लक्ष्मी देवी और पुजारी शैलेन्द्र मिश्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि अगले 9 दिनों तक यहां भक्ति की बयार बहेगी। प्रख्यात विद्वानों द्वारा धार्मिक प्रवचन दिए जाएंगे। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन पर आधारित ‘रामलीला’ का मंचन किया जाएगा।
दिग्गज हस्तियों ने की शिरकत
महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक विनय प्रकाश गोंड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य यजमान राम गोपाल मिश्रा, आनंद मिश्रा, संतोष मिश्रा समेत नगर के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Siddharthnagar News: विकास भवन में सजेगा महिला सुरक्षा मंच, उपाध्यक्ष चारु चौधरी करेंगी समीक्षा

