Kushinagar News: समीक्षा अधिकारी परीक्षा के लिए सख्त इंतजाम, 18 केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले में 27 जुलाई को आयोजित होने वाली समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2023 को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा में कुल 8183 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे, जिनके लिए जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता और नकलमुक्त आयोजन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियाँ की हैं।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी में लगे अधिकारी, मजिस्ट्रेट और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जैसा कि चुनाव ड्यूटी के समय किया जाता है।
परीक्षार्थियों की एंट्री पर सख्त निगरानी
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के पहचान पत्र और बैग आदि की गहन जांच की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य प्रतिबंधित सामान परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस विभाग को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। डीएम ने निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर किसी तरह की अफवाह या भ्रम फैलाने की कोशिश हो, तो उसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दी जाए ताकि कड़ी कार्रवाई की जा सके।
केंद्रों पर प्रश्नपत्र ले जाने में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
डीएम ने प्रश्नपत्र ले जाने वाले वाहनों और केंद्रों के बीच समन्वय पर खास जोर देते हुए कहा कि निर्धारित विद्यालय को ही प्रश्नपत्र पहुंचाया जाए, इसमें किसी प्रकार की गलती या ढिलाई क्षम्य नहीं होगी। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने भी उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा शांति, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ आयोजित हो, इसकी जिम्मेदारी सभी संबंधितों की है। उन्होंने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को कहा कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 15 मिनट पहले ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहें।
पुलिस बल रहेगा तैनात, अराजकता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
क्षेत्राधिकारी पडरौना ने जानकारी दी कि परीक्षा के दौरान हर केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, निरीक्षक, पुरुष और महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। किसी भी अराजक स्थिति से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
परीक्षा की निगरानी और सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारियाँ
जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्त ने बताया कि सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा, वितरण, निगरानी और समापन तक की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए हर अधिकारी को गाइडलाइन का अध्ययन करने और उसके अनुसार कार्य करने को कहा गया है।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेम कुमार, बीएसए राम जियावन मौर्य, सभी उपजिलाधिकारीगण, केंद्र अधीक्षक, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
Also Read: Lucknow News: फर्जी CBI अधिकारी बनकर 56 लाख की ठगी, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

