kushinagar News: हॉस्टल में छात्र की हत्या का खुलासा, पूर्व प्रिंसिपल समेत 4 गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर के हाटा में एक दिल दहला देने वाली घटना का खुलासा हुआ है। यहां एक संस्कृत विद्यालय के छात्रावास में रहने वाले बच्चे कृष्णा दुबे की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाते हुए बताया कि बच्चे की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य ने ही की थी। हत्या को आत्महत्या दिखाने में वर्तमान प्रधानाचार्य समेत पूर्व प्रधानाचार्य के दो बेटों ने भी मदद की। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
12 सितंबर की रात को हाटा कोतवाली क्षेत्र में स्थित संस्कृत विद्या प्रबोधिनी पाठशाला के हॉस्टल में 14 वर्षीय कृष्णा दुबे का शव मिला था। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया था और इसकी जांच के लिए कई टीमें बनाई गई थीं।
पुलिसिया पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रभुनाथ पांडेय (पूर्व प्रधानाचार्य) ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि 11-12 सितंबर की रात उसने बच्चे के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की, जिसका बच्चे ने विरोध किया और शिकायत करने की धमकी दी। इसी बात से डरकर प्रभुनाथ ने बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
हत्या के बाद, प्रभुनाथ ने लाश को सीढ़ियों के पास ले जाकर धोती से लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या लगे। इसके बाद उसने धोती को बदल भी दिया। इस घिनौनी साजिश में उसके साथ वर्तमान प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार द्विवेदी और उसके दो बेटे शिवनाथ पांडेय और रामनाथ पांडेय भी शामिल थे। इन सभी ने पुलिस और परिवारवालों को गुमराह करने की कोशिश की, ताकि यह मामला आत्महत्या लगे। पुलिस ने इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें जेल भेज दिया है।
Also Read: ऐतिहासिक ‘बांसी नदी’ का होगा पुनरुद्धार, कुशीनगर प्रशासन ने तैयार किया रोड मैप

