ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में कुशीनगर के पंचायत सचिवों का धरना, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

हाटा (कुशीनगर): सुकरौली ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को ग्राम पंचायत सचिवों ने शासन द्वारा लागू की जा रही ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली के विरोध में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप पंचायत सचिव विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप से भी लेफ्ट हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित मांगों का ज्ञापन ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) को सौंपा।

विरोध के मुख्य बिंदु

ज्ञापन में सचिवों ने तर्क दिया है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू होने से उन्हें कई कठिनाइयाँ होंगी, क्योंकि उनके पास एक से अधिक गांवों की जिम्मेदारी है। मूल विभागीय कार्यों के साथ-साथ अन्य विभागों के कार्य भी करने होते हैं। ऐसे में एक निश्चित स्थान पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्य करना चुनौतीपूर्ण है। सचिवों ने सरकार से अपील की है कि वह ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली को लागू करने पर तत्काल रोक लगाए।

आंदोलन की चेतावनी

ग्राम पंचायत सचिवों ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया और ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली लागू करने पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

10 दिसंबर: सभी सचिव अपने-अपने निजी वाहनों का प्रयोग बंद कर देंगे।

15 दिसंबर: सभी सचिव अपने-अपने ग्राम पंचायतों के डोंगल ब्लॉक मुख्यालय पर जमा कर शासकीय कार्य का बहिष्कार कर देंगे।

धरना प्रदर्शन में अरविंद प्रताप कुंवर, ओमप्रकाश, धीरज सिंह, मुलायम सिंह यादव, धर्मेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: कुशीनगर: रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्य सभा सांसद आरपीएन की मांग को किया मंजूर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.