त्योहारों से पहले एक्टिव मोड में कुशीनगर पुलिस, मंडलायुक्त ने दी सख्त चेतावनी

पडरौना, कुशीनगर: आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) डॉ. एस. चिन्नप्पा ने कुशीनगर में कानून-व्यवस्था और ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी (DM) महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को एक्टिव मोड में रहने का निर्देश दिया।

मिशन शक्ति 5.0: धरातल पर दिखने चाहिए काम

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने ‘मिशन शक्ति 5.0’ के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।

मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मिशन शक्ति के अंतर्गत की जा रही सभी कार्यवाहियों को सोशल मीडिया या प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया जाए। उन्होंने कहा कि “धरातल पर योजना उतर रही है, आमजन को भी मालूम होना चाहिए कि क्या हो रहा है।”

महिला कल्याण से संबंधित सभी कार्यों को जिलाधिकारी के संज्ञान में लाने के साथ-साथ पोर्टल पर भी नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया गया।

कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सख्त निर्देश

बैठक में मंडलायुक्त ने महिला सुरक्षा और संवेदनशील मामलों पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को निर्देशित किया।

सभी थानों में छेड़खानी संबंधित मामलों की जाँच करवाई जाए और यदि कोई मामला संज्ञान में आता है तो उस पर कड़ी कार्यवाही की जाए।

अभियोजन के सहयोग से पॉक्सो एक्ट के तहत चिन्हित अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाए जाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

किसी भी मंदिर या मस्जिद से संबंधित मामले के संज्ञान में आने पर डीएम और एसपी को सूचित किए बिना कोई भी कार्यवाही न करने की हिदायत दी गई।

डीआईजी डॉ. एस. चिन्नप्पा ने नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि मूर्ति स्थापना वाले मार्गों का तथा मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण समय रहते कर लिया जाए, क्योंकि नवरात्रि में महिलाओं का आवागमन अधिक रहता है।

कुशीनगर में जागरूकता अभियान

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत कार्ययोजना अनुसार सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यवाहियां की जा रही हैं।

डीएम ने बताया कि बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता, हक की बात, ग्राम न्यायालय, बाल श्रम मिशन कार्यक्रम और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से जागरूकता प्लान कराए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने जानकारी दी कि सभी थानों में महिलाओं से संबंधित शिकायतों के लिए अलग टेबल लगाए गए हैं और योजनाओं का प्रचार-प्रसार पेंपलेट के माध्यम से किया जा रहा है।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त सीओ सहित मिशन शक्ति के सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: मिशन शक्ति 5.0: उन्नाव में छात्राओं ने किया महिला थाने का भ्रमण, जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.