कुशीनगर: नकली जिंक फैक्ट्री पर छापेमारी, बड़ी मात्रा में नकली खाद बरामद
मार्बल पाउडर, कलर एवं अन्य पदार्थों से तैयार किया जा रहा था नकली जिंक
पडरौना, कुशीनगर । सेवरही के एक निर्माणाधीन मकान में नकली जिंक बनाने के बड़े खेल का भांडाफोड हुआ है। अधिकारियों व पुलिस बल की मौजूदगी में हुंई छापेमारी में भारी मात्रा में मार्बल पाउडर, कलर, नामी ब्रांड के खाली रैपर एवं अन्य पदार्थों की बरामदगी हुई है। जिससे नकली जिंक तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई से अफरा-तफरी मची है।
जिला कृषि अधिकारी डा. मेनका ने बताया कि पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर सेवरही क्षेत्र में नकली जिंक निर्माण के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गयी। बताया कि सूचना मिली कि तमकुही रोड स्थित सेवरही, में रविशंकर के निर्माणाधीन मकान में अवैध रूप से नकली जिंक का उत्पादन किया जा रहा है। इसके बाद छापेमारी के लिए संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम में स्वयं जिला कृषि अधिकारी, अपर जिला कृषि अधिकारी, विभागीय कार्मिक एवं पुलिस बल ने उक्त स्थल पर छापेमारी की तो सूचना सच साबित हुई। निरीक्षण में पाया गया कि यह मकान जून 2025 से अजय कुमार गुप्त पुत्र राधेश्याम, निवासी ग्राम राजपुर बगहा, थाना सेवरही द्वारा किराये पर लेकर संचालित किया जा रहा था, जहाँ मार्बल पाउडर, कलर एवं अन्य पदार्थों से नकली जिंक तैयार किया जा रहा था।
मौके से बरामद सामग्री
छापेमारी में मौके से सिलाई मशीन (कैनवास बैग क्लोजर) 1 अदद, पैकिंग मशीन 4 अदद, बिजली से चलने वाली पैकिंग मशीन, पारस जिंक के 700 पैकेट (नकली पैकिंग में), शक्तिमान जिंक 314 पैकेट, दयाल मोनो जिंक 275 किग्रा, जिंक खुला 5 बैग, एसएसपी (ग्रोमोर) 3 बैग, काला दाना 13 बैग, मार्बल पाउडर 65 बैग, साल्टेक्स सफेद दाना 13 बैग, इसके अतिरिक्त खाली बोरे, खाली नमक पैकेट (एक डीसीएम वाहन की लोड क्षमता के बराबर मात्रा) वेट मशीन 1 अदद, फिनायल 10 लीटर, पारस जिंक के लगभग 1000 खाली रैपर, दयाल जिंक के 1000 से अधिक खाली रैपर, स्थल से जिंक सल्फेट के 4 तथा एसएसपी उर्वरक का 1 नमूना बरामद किया गया।
विधिक कार्रवाई गतिमान
अवैध रूप से अपमिश्रित उर्वरकों का उत्पादन करना उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत दंडनीय अपराध है। मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं पुलिस बल की उपस्थिति में पूरे परिसर को विधिवत सील कर दिया गया। सीलबंद परिसर की सुरक्षा एवं अभिरक्षा का दायित्व मकान मालिक रविशंकर प्रसाद को सौंपा गया है। आगे की विधिक कार्रवाई संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: पराली जलाने पर कुशीनगर प्रशासन का सख्त एक्शन, 32 किसानों पर जुर्माना

