कुशीनगर में साल 2026 के लिए ‘साप्ताहिक बंदी’ का शेड्यूल जारी, जानें आपके क्षेत्र में किस दिन बंद रहेंगे बाजार
पडरौना (कुशीनगर): कुशीनगर जिले की सभी नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए जिलाधिकारी ने साप्ताहिक बंदी के दिन निर्धारित कर दिए हैं। अब व्यापारियों को तय किए गए दिनों पर अपनी दुकानें और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अनिवार्य रूप से बंद रखने होंगे। हालांकि, अस्पताल, मेडिकल स्टोर और दूध-सब्जी जैसी जरूरी सेवाओं को इस पाबंदी से बाहर रखा गया है।
कहां, किस दिन रहेगी बंदी?
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अलग-अलग कस्बों और दुकानों की श्रेणी के हिसाब से बंदी के दिन इस प्रकार हैं।
रविवार की बंदी: नगर पालिका परिषद पडरौना, नगर पंचायत सेवरही और लक्ष्मीगंज की सभी दुकानें रविवार को बंद रहेंगी। साथ ही कसया, हाटा और अन्य नगर पंचायतों के फाइनेंस और लीजिंग ऑफिस भी रविवार को ही बंद रहेंगे।
शनिवार की बंदी: नगर पालिका हाटा सहित तमकुहीराज, रामकोला, खड्डा, सुकरौली और फाजिलनगर के बाजार शनिवार को बंद रहेंगे। खास बात यह है कि पडरौना और कसया समेत कई इलाकों के सैलून और पार्लर भी शनिवार को ही बंद रहेंगे।
बुधवार की बंदी: नगर पालिका परिषद कसया के सभी बाजार (सैलून को छोड़कर) बुधवार को बंद रहेंगे।
सोमवार की बंदी: नगर पंचायत कप्तानगंज की दुकानों के लिए सोमवार का दिन निर्धारित किया गया है।
इन सेवाओं पर कोई पाबंदी नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाओं पर साप्ताहिक बंदी लागू नहीं होगी।
दवा और चिकित्सा उपकरण की दुकानें (मेडिकल स्टोर)
दूध और डेयरी उत्पाद
मिठाई की दुकानें, होटल और रेस्टोरेंट
सिनेमाघर और परिवहन सेवाएं
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
डीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र के श्रम प्रवर्तन अधिकारी नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करेंगे। यदि कोई दुकानदार निर्धारित दिन पर दुकान खोलता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: आपरेशन शिकंजा: सात दिनों में ईओडब्ल्यू की गिरफ्त में आये 28 फरार आरोपी

