कुशीनगर: टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक लामबंद, 24 नवंबर को जंतर-मंतर पर राष्ट्रव्यापी धरना
पडरौना, कुशीनगर। सेवारत परिषदीय शिक्षकों पर टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता थोपे जाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ देश भर के लाखों शिक्षक आक्रोशित हैं। इसके विरोध में 24 नवंबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली कूच की तैयारी
शनिवार को रवींद्र नगर स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि संगठन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर इस देशव्यापी एकजुटता में सभी राज्यों के लाखों शिक्षक दिल्ली कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने और पुराने शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्ति दिलाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। कुशीनगर से भी सैकड़ों शिक्षक दिल्ली पहुंचेंगे।
जिलाध्यक्ष ने शिक्षकों से भारी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि टीईटी अनिवार्यता के विरोध में हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी।
चयन वेतनमान पर अल्टीमेटम: 17 दिसंबर से बीएसए कार्यालय पर धरना
बैठक में शिक्षकों ने अपनी अन्य लंबित मांगों और समस्याओं पर भी ज़ोरदार ढंग से आवाज़ उठाई। फाजिलनगर ब्लाक अध्यक्ष रामेश्वर सिंह ने अभी तक चयन वेतनमान स्वीकृत न होने का मुद्दा उठाया।
तमकुही ब्लाक अध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा ने जीपीएफ (GPF) पासबुक न बनने पर सवाल किया। विशनुपुरा के मंत्री अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि मध्याह्न भोजन योजना (MDM) के तहत नामांकित छात्र संख्या के मुकाबले कम खाद्यान्न आवंटित किया जा रहा है, जिससे एमडीएम बनवाने में दिक्कतें आ रही हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अगर 15 दिसंबर तक पात्र शिक्षकों का चयन वेतनमान स्वीकृत नहीं किया गया, तो विवश होकर 17 दिसंबर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन में नई जिम्मेदारी
बैठक में महिला जिला उपाध्यक्ष का पद रिक्त होने पर सर्वसम्मति से रेनूबाला सिंह को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक को कलमदानी सिंह, अनिल चौरसिया, दयाशंकर सिंह समेत कई अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: यूपी के नर्सिंग स्टाफ को बड़ी सौगात, अब गृह ज़िले में मिलेगी तैनाती, डिप्टी सीएम ने दिए आदेश

